वेव सिनेमाज के वाइस प्रेसिडेंट योगेश रायजादा कहते हैं, ‘साल 2026 की पहली तिमाही अब तक कुछ खास नहीं रही। अब होली पर भी कोई नई बड़ी फिल्म नहीं आ रही। यह हमारे और दर्शकों दोनों के लिए निराशाजनक खबर है। अब बस यही उम्मीद है कि ईद पर आने वाली फिल्में अच्छा प्रदर्शन करें, ताकि हमारी पहली तिमाही ठीकठाक निकल जाए।’
कम चलेंगे शोज, होगी आगे की तैयारी
बकौल योगेश, ‘हमें उम्मीद है कि इस हफ्ते रिलीज हुई ‘द केरल स्टोरी 2‘ को लेकर दर्शकों में क्रेज बढ़ेगा। ताकि यह अगले हफ्ते भी सिनेमाघरों में दर्शक खींचने में सफल रहे। इसके अलावा हमें री-रिलीज होने वाली फिल्मों का ही सहारा रहेगा। बेशक होली पर कोई नई फिल्म रिलीज नहीं होगी, तो हम अपने शोज की संख्या कम करके ईद पर उमड़ने वाली दर्शकों की भीड़ के लिए सिनेमाघरों को तैयार करेंगे।’
‘धुरंधर 2’ और ‘टॉक्सिक’ के क्लैश से बचने की कोशिश
फिल्म बिजनस एनालिस्ट गिरीश जौहर भी ऐसी ही राय रखते हैं। वह कहते हैं, ‘होली पर नई और बड़ी फिल्मों की रिलीज नहीं होने से दर्शक निराश हैं। सिनेमाघरों में भी सुस्ती है। फिल्मवालों ने ईद पर ‘धुरंधर 2‘ और ‘टॉक्सिक’ के क्लैश से बचने के लिए होली पर रिलीज होने वाली फिल्मों को पोस्टपोन कर दिया है।’
बीते 10 साल में होली पर रिलीज हुई हिंदी फिल्में और उनकी कमाई
| साल | फिल्म | देश में नेट कलेक्शन | वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन | वर्डिक्ट |
| 2025 | द डिप्लोमैट | ₹ 38.97 Cr | ₹ 51.46 Cr | हिट |
| 2024 | मडगांव एक्सप्रेस | ₹ 36.81 Cr | ₹ 46.9 Cr | फ्लॉप |
| 2023 | तू झूठी मैं मक्कार | ₹ 147.28 Cr | ₹ 223 Cr | हिट |
| 2022 | बच्चन पांडे | ₹ 51.04 Cr | ₹ 74.2 Cr | डिजास्टर |
| 2021 | साइना | ₹ 1.1 Cr | ₹ 1.5 Cr | डिजास्टर |
| 2020 | बागी 3 | ₹ 96.5 Cr | ₹ 137 Cr | एवरेज |
| 2019 | केसरी | ₹ 155.7 Cr | ₹ 208.8 Cr | हिट |
| 2018 | परी | ₹ 28.7 Cr | ₹ 39 Cr | एवरेज |
| 2017 | बद्रीनाथ की दुल्हनिया | ₹ 117.89 Cr | ₹ 201.07 Cr | सुपरहिट |
| 2016 | रॉकी हैंडसम | ₹ 25.08 Cr | ₹ 35.6 Cr | फ्लॉप |
होली के मौके पर बीते 10 साल में सबसे ज्यादा कमाई का रिकॉर्ड अक्षय कुमार की ‘केसरी’ के नाम है, जिसने देश में 155.70 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके बाद दूसरे नंबर पर रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर की ‘तू झूठी मैं मक्कार’ है, जिसने 147.28 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। लिस्ट में तीसरे नंबर पर वरुण धवन-आलिया भट्ट की ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया है’, जिसने 117.89 करोड़ कमाए और सुपरहिट रही। बीते 10 साल में होली के मौके पर बॉक्स ऑफिस का खाता-बही देखें तो इसमें 1 सुपरहिट, 3 हिट, 2 एवरेज, 2 फ्लॉप और 2 डिजास्टर फिल्में हैं।












