भारत में खुला एंथ्रोपिक का ऑफिस
एंथ्रोपिक ने ऑफिशियली बेंगलुरु में अपना ऑफिस खोला है। साथ ही, कंपनी ने एंटरप्राइज, एजुकेशन और एग्रीकल्चर में पार्टनरशिप की भी घोषणा की है। एंथ्रोपिक की इंडिया की मैनेजिंग डायरेक्टर इरीना घोष का कहना है कि भारत दुनिया के सबसे अच्छे अवसरों में से एक है। इससे AI के फायदे ज्यादा लोगों और एंटरप्राइज तक पहुंच सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भारत पहले से ही बहुत अच्छे टेक्निकल टैलेंट, बड़े पैमाने पर डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और लोगों की जिंदगी को बेहतर बनाने के लिए टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करने का एक ट्रैक रिकॉर्ड रखता है। यह वही बुनियाद है जिसकी लोगों को जरूरत है ताकि यह पक्का हो सके कि टेक्नोलॉजी उन लोगों तक पहुंचे, जिन्हें इससे सबसे ज्यादा फायदा हो सकता है।
मॉडल को भारतीयों के लिए बेहतर बनाने की कोशिश
बता दें कि भारत को एआई मॉडल ‘क्लॉड.एआई’ के लिए दूसरा सबसे बड़ा बाजार बताते हुए कंपनी ने अक्टूबर, 2025 में इसके विस्तार की घोषणा की थी। इसके बाद भारत में उसकी आय की रफ्तार दोगुनी हो गई। कंपनी के अनुसार, भारतीयों के लिए अपने मॉडल को और भी बेहतर बनाने के लिए कंपनी ने हिंदी, बांग्ला, मराठी, तेलुगु, तमिल, पंजाबी, गुजराती, कन्नड़, मलयालम और उर्दू सहित 10 भारतीय भाषाओं में ट्रेनिंग डेटा को बेहतर बनाने की पहल की है।
तोक्यो के बाद भारत में अपना दूसरा ऑफिस खोलकर कंपनी ये साफ संदेश दे रही है कि भारत में एआई में एआई का चलन बढ़ रहा है और लोग इसका काफी इस्तेमाल कर रहे हैं। एआई कंपनियों के लिए भारत एक बड़ा और ग्रोथ वाला मार्केट है।













