दरअसल, ‘मर्दानी 3’ के रिलीज होने के बाद से ही दिल्ली में लड़कियों के लापता होने की खबरें और तेज हो गईं। यह विवाद तब और बढ़ गया, जब सोशल मीडिया पर अचानक दावा किया जाने लगा कि रानी मुखर्जी स्टारर ‘मर्दानी 3’ के साथ ही राजधानी दिल्ली में 15 दिनों के भीतर 800 से अधिक लोग लापता हो गए। पिछले हफ्ते ही रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ रिलीज हुई, जिसमें वह 93 गायब हुई लड़कियों की खोज में लगी हैं। इसी फिल्म की रिलीज के बाद दिल्ली में लड़कियों के लापता होने की खबरें और वायरल हो गईं।
YRF ने लापता लड़कियों के मुद्दे पर दी सफाई
अब इस मुद्दे पर YRF ने रिएक्ट किया है। यशराज फिल्म्स के स्पोक्सपर्सन ने ‘स्क्रीन’ से कहा, ‘यशराज फिल्म्स 50 साल पुरानी कंपनी है, जो नैतिकता और पारदर्शिता के मूल सिद्धांतों पर चलती है और उन्हीं के अनुसार काम करती है। सोशल मीडिया पर जो भी आरोप चल रहे हैं, हम उनका खंडन करते हैं। कहा जा रहा है कि ‘मर्दानी 3′ के प्रमोशन के लिए एक संवेदनशील मुद्दे को जानबूझकर सनसनीखेज बनाया गया, पर ऐसा नहीं है। हम इसका खंडन करते हैं। हमें अपनी अथॉरिटी और संस्थाओं पर पूरा भरोसा है कि वो समय आने पर सभी फैक्ट्स और सच्चाई को सामने ले आएंगे।’
कैसे शुरू हुई 800 लोगों और लड़कियों के लापता होने की खबर?
दरअसल, सोशल मीडिया पर ‘पीटीआई’ की एक रिपोर्ट वायरल होने लगी, जिसमें दिल्ली पुलिस के आधिकारिक आंकड़ों के आधार पर बताया गया कि दिल्ली में जनवरी 2026 के पहले 15 दिनों में 800 से अधिक लोग लापता हो गए। उसी के बाद सोशल मीडिया पर खबर फैल गई। लोग बुरी तरह घबरा गए और डर का माहौल पैदा हो गया। वहीं, सोशल मीडिया पर इससे पहले कई और पोस्ट वायरल हो रहे थे, जिनमें दावा किया जा रहा था कि मुंबई में 36 दिनों में 60 लड़कियां गायब हो गई हैं। बात इतनी आगे बढ़ गई कि दिल्ली पुलिस को दखल देना पड़ा। हालांकि, पुलिस ने ऐसी खबरों को भ्रामक बताया था। पुलिस ने लापता लोगों को लेकर किए गए वायरल दावे की जांच की, तो पता चला कि यह अफवाह पैसों के बदले फैलाई गई और एक पेड पोस्ट थी। तब दिल्ली पुलिस ने उन्होंने भी इसे पेड प्रमोशन बताते हुए चेतावनी दी कि जो भी लोग ये अफवाहें फैला रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली पुलिस- पैसों के लिए लोगों में डर फैलाना बर्दाश्त नहीं
दिल्ली पुलिस ने बताया कि लापता लड़कियों की बात जानबूझकर सोशल मीडिया पर फैलाई गई है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि यह काम पैसे देकर एक पेड पोस्ट के जरिए करवाया गया। उन्होंने इस बारे में अपने X अकाउंट पर लिखा कि जब वायरल दावे की जांच की गई तो पता चला कि दिल्ली में लापता होती लड़कियों की संख्या बढ़ने की जो बात है, वह पेड प्रमोशन के जरिए फैलाई गई। पैसों के फायदे के लिए लोगों के बीच डर फैलाना बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी लोग ऐसा करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
‘मर्दानी 3’ का कलेक्शन
वहीं, ‘मर्दानी 3’ की बात करें, तो इसने 8 दिनों में 27.43 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है, जबकि फिल्म का बजट 60 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म में रानी मुखर्जी के अलावा जानकी बोडीवाला, मल्लिका प्रसाद और मिखेल यावलकर हैं। इसे अभिराज मीनावाला ने डायरेक्ट किया है और आदित्य चोपड़ा प्रोड्यूसर हैं।













