विष्णु मांचू ने शेयर किया आसमान में मिसाइलों का वीडियो
विष्णु मांचू ने अपने X अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जो उन्होंने अपने घर के आंगन से रिकॉर्ड किया है। वीडियो में आसमान में मिसाइलें दिखाई दे रही हैं और धमाकों की गूंज भी सुनाई दे रही है। विष्णु मांचू ने बताया कि धमाकों की गूंज से उनका पूरा घर हिल गया और छोटी बेटी बुरी तरह डरी हुई है।
विष्णु मांचू बोले- धमाकों की गूंज से घर हिल गया, बेटी डरी हुई है
विष्णु मांचू परिवार से मिलने दुबई गए थे और अब वहीं फंस गए हैं। उन्होंने वीडियो शेयर कर X पर लिखा, ‘आज रात दुबई में परिवार से मिलने आया हूं। आसमान में मिसाइलें दिखाई दीं। तेज धमाकों से हमारा घर हिल गया और छोटी आयरा डर गई। शांति के लिए प्रार्थना कर रहा हूं। दुनिया में किसी भी बच्चे को अपने घर के ऊपर युद्ध की आवाज न सुननी पड़े। नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यूएई रक्षा बलों का आभारी हूं। ऐसे क्षण हमें याद दिलाते हैं कि जीवन कितना नाजुक और क्षणभंगुर है। भगवान ताकत और शांति दे। हर हर महादेव।’
फैंस हुए चिंतिंत
विष्णु मांचू का वीडियो तुरंत ही वायरल हो गया और फैंस उनके लिए चिंतित हो गए हैं। वो उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि एक्टर को बाहर के बजाय घर के अंदर रुकना चाहिए। फैंस ने कहा कि वो उनकी सुरक्षित वापसी की दुआ कर रहे हैं।
सोनल चौहान और पीवी सिंधू भी दुबई में फंसीं
वहीं, सोनल चौहान भी दुबई एयरपोर्ट पर फंस गईं और उन्होंने एक ट्वीट में भारत सरकार से वतन वापसी में मदद की गुहार लगाई। पीवी सिंधू भी दुबई एयरपोर्ट पर फंस गईं और वहां का मंजर एक वीडियो में दिखाया।
अमेरिका-इजरायल का ईरान पर हमला
मालूम हो कि शनिवार, 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने अचानक ईरान पर मिसाइलों से हमला बोल दिया। इसके बाद ईरान ने भी ताबड़तोड़ हमले किए और मिडिल ईस्ट के कई इलाकों को निशाना बनाया। दुबई के बुर्ज-अर-अरब होटल और दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी हमला किया गया। इसके अलावा बताया जा रहा है कि द पाम होटल को भी निशाना बनाया गया है। मालूम हो कि ये हमला ऐसे वक्त में हुआ है, जब ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु हथियारों को लेकर बातचीत चल रही है।
विष्णु मांचू और उनकी फिल्में
वहीं, विष्णु मांचू की बात करें, तो वह तेलुगु फिल्मों के एक्टर और प्रोड्यूसर हैं। उन्होंने ‘कन्नप्पा’, ‘विष्णु’, ‘अस्त्रम’, ‘राउडी’ और ‘कृष्णाअर्जुन’ जैसी फिल्में की हैं। उनकी गिनती साउथ के हाइएस्ट पेड स्टार्स में की जाती है। उन्होंने साउथ के कुछ टीवी शोज भी डायरेक्ट किए हैं और एजुकेशनिस्ट भी हैं।













