हाल ही में यूट्यूबर ध्रुव राठी पर आरोप लगे थे कि उन्होंने फिल्म ‘धुरंधर’ का नाम लेकर चर्चा बटोरने की कोशिश की। ध्रुव राठी ने इस फिल्म को प्रोपेगेंडा बताया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर ट्रोल भी किया गया। अब इसी फिल्म को लेकर एक और इंफ्लुएंसर ने चौंकाने वाले दावे कर दिए हैं।
फिल्म ‘धुरंधर’ को लेकर एक मजेदार बात
रणवीर सिंह और निर्देशक आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ रिलीज होते ही सुर्खियों में आ गई थी। दमदार एक्शन, मिशन आधारित कहानी और सस्पेंस से भरी इस फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला। देखते ही देखते यह फिल्म हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर बन गई। भारत में इसने 835 करोड़ रुपये से ज्यादा और दुनियाभर में करीब 1300 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया। इसी बीच फिल्म को लेकर एक मजेदार बात सामने आई है।
पोस्टर भी भोजपुरी फिल्म से काफी मिलते-जुलते हैं
रिपोर्ट के मुताबिक, एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ने दावा किया है कि धुरंधर, रवि किशन की भोजपुरी फिल्म ‘धुरंधर द शूटर’ की नकल है। इंफ्लुएंसर का कहना है कि फिल्म का नाम ही नहीं, बल्कि इसकी कहानी, किरदार और यहां तक कि पोस्टर भी भोजपुरी फिल्म से काफी मिलते-जुलते हैं। उसने आरोप लगाया कि फिल्म में लगभग सब कुछ कॉपी किया गया है।
बिल्कुल सेम है – कार का मोड़ लेना, बैक मिरर में देखना
अपने वीडियो में इंफ्लुएंसर कहते दिख रहे, ‘आदित्य धर ने धुरंधर बनाने से पहले जरूर भोजपुरी फिल्म धुरंधर द शूटर देखी होगी। मैं मान ही नहीं सकता कि उन्होंने ये फिल्म नहीं देखी होगी, क्योंकि दोनों फिल्मों के प्लॉट और घटनाएं लगभग एक जैसी हैं। नाम वही है, शादी वाले सीन मिलते हैं, कहानी चुनाव के आसपास घूमती है। सबसे हैरान करने वाला हिस्सा तो बिल्कुल सेम है – कार का मोड़ लेना, बैक मिरर में देखना, आंखों का क्लोजअप, साथ बैठे शख्स को गोली मारना और अंत में जबरदस्त फाइट। इतना कॉपी? आदित्य धर सर, आपसे ये उम्मीद नहीं थी।’
संभावना सेठ का एक आइटम नंबर भी शामिल था
बता दें कि रवि किशन की ‘धुरंधर द शूटर’ साल 2014 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में उनके साथ संगीता तिवारी नजर आई थीं। फिल्म की कहानी सभा वर्मा ने लिखी थी और निर्देशन दीपक तिवारी ने किया था। इसमें संभावना सेठ का एक आइटम नंबर भी शामिल था। फिल्म को दर्शकों ने पसंद किया था और यह यूट्यूब पर उपलब्ध है।
अब फैंस इसके सीक्वल का इंतजार कर रहे
वहीं रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ की जबरदस्त सफलता के बाद अब फैंस इसके सीक्वल का इंतजार कर रहे हैं। ‘धुरंधर 2’ 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।














