OsintTV ने सईद का वीडियो शेयर करते हुए दावा किया है कि वह बीते साल अक्टूबर और नवंबर में पंजाब के ओकारा में सक्रिय था। उसने वहां ना सिर्फ बैठक में भाग लिया बल्कि अपने लड़ाकों से भी मिला। सईद जिनसे मिला, उनमें लश्कर के उप प्रमुख सैफुल्लाह कसूरी और भर्ती कमांडर नस्र जावेद भी शामिल हैं। वीडियो में हाफिज सईद को इन दोनों लश्कर आतंकियों के साथ देखा जा सकता है। वह आराम से अपने लोगों से बात कर रहा है और पास ही पुलिस की वर्दी पहने लोग उसको सुरक्षा देते दिख रहे हैं।
कई मामलों में हो चुकी सजा
पाकिस्तान सरकार की मानें तो वह 2019 से जेल में बंद है। उसे आतंकवाद से जुड़े अलग-अलग मामलों में 50 साल से ज्यादा की सजा सुनाई जा चुकी है। पाकिस्तान सरकार दुनिया और संयुक्त राष्ट्र को बताती है कि सईद पंजाब की एक जेल में बंद है। हाफिज सईद को यूएन और बाकी दुनिया जेल में बंद मान रही है लेकिन हालिया दिनों में लगातार ऐसे वीडियो सबूत सामने आए हैं, जो बताते हैं कि वह बाहर घूम रहा है।
हाफिज सईद आधिकारिक तौर पर लाहौर की कोट लखपत सेंट्रल जेल में कैद हैं लेकिन वह ना सिर्फ आतंकी गतिविधियों को अंजाम दे रहा है बल्कि अपनी राजनीतिक पार्टी भी चला रहा है। वह अपनी राजनीतिक पार्टी बनाकर पाकिस्तान में 2018 के आम चुनाव भी लड़ चुका है। अभी भी उसकी पार्टी जमीन पर है और उसके परिवार के लोग चुनावों में सक्रियता से भाग भी लेते हैं।
भारत में मोस्ट वॉन्टेड है सईद
हाफिज सईद भारत की मोस्ट वॉन्टेड आतंकवादियों की लिस्ट में शामिल है। वह मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड है। मुंबई हमलों के उस पर पुलवामा अटैक समेत कई और आतंकी हमलों में शामिल होने का आरोप है। भारत ने कई मौकों पर पाकिस्तान से हाफिज सईद के प्रत्यर्पण की मांग की है, जिसे इस्लामाबाद ने ठुकरा दिया था।













