तालिबानी प्रवक्ता ने जोर देकर कहा है कि वह सैन्य तरीके से अपना जवाब देगा। अफगानिस्तान पर पाकिस्तान के हवाई हमले पर जहां दुनिया के अन्य देशों ने चुप्पी साध रखी है, वहीं भारत ने खुलकर इसकी आलोचना की है। इस बीच डूरंड लाइन पर तालिबान और पाकिस्तानी सेना के बीच झड़प का दौर जारी है। तालिबानी सेना के प्रवक्ता ने कहा है कि पाकिस्तानी सैनिकों के अफगान सैनिकों पर नांगरहार प्रांत में नाजयान और दूर बाबा जिले में गोलीबारी करने के बाद उन्होंने जवाबी कार्रवाई की है।
तालिबानी सेना ने क्या दिया जवाब?
तालिबानी सेना के प्रवक्ता ने टोलो न्यूज से कहा कि उन्होंने अभी हवाई हमले की जवाबी कार्रवाई नहीं की है। वहीं पाकिस्तान सरकार ने दावा किया है कि तालिबानी सैनिकों ने तोरखम और तिराह इलाके में बिना किसी उकसावे के फायरिंग की। अभी तक दोनों ही पक्षों ने किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं दी है। इससे पहले पाकिस्तान के हवाई हमले में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई थी। पाकिस्तानी हमले में मारे गए एक व्यक्ति के परिवार वालों ने कहा कि वे घटना के समय सो रहे थे।
पाकिस्तान अफगानिस्तान पर कर रहा हमले
पीड़ित के परिवार की सदस्य नेजकेत ने कहा, ‘मैं आश्चर्यजनक तरीके से बच गई। अगर घर का वह कोना गिर गया होता तो मैं मलबे के नीचे ही दब गई होती। मैं एक कुर्सी के नीचे फंस गई थी लेकिन परिवार के बाकी के सदस्य दीवार के नीचे दब गए।’ इस बीच पाकिस्तानी सेना के पूर्व अधिकारी मेजर आदिल राजा ने अपने विश्लेषण में बताया कि 72 से ज्यादा घंटे बीत जाने के बाद भी पाकिस्तान ने आतंकियों के मारे जाने को लेकर कोई सबूत जारी किया है। वहीं राजनीतिक विश्लेषक वैस नसेरी ने कहा कि पाकिस्तानी सेना और अफगान जमीन पर हवाई हमला, एयर स्पेस का उल्लंघन बड़ा धोखा है। पिछले कुछ सालों में पाकिस्तानी सेना कम से कम 7 बार अफगानिस्तान के नागरिक इलाके में हवाई हमले कर चुकी है। इसमें अब तक 71 लोग मारे जा चुके हैं। इनमें आधी महिलाएं और बच्चे हैं।














