ढाका-11 से चुनाव लड़ रहे नाहिद इस्लाम
नाहिद ने अगस्त 2024 में मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में बनी अंतरिम सरकार में सूचना और प्रसारण और डाक, दूरसंचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालयों के सलाहकार के रूप में काम किया, लेकिन बाद में इस्तीफा देकर अपनी पार्टी बना ली। नाहिद इस्लाम नेशनल सिटिजन पार्टी के टिकट पर ढाका-11 (बड्डा-वटारा) से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका चुनाव चिन्ह ‘शपला कोली’ (वॉटर लिली का फूल) है।
भारत पर बांग्लादेश पर हावी होने की कोशिश का आरोप
स्ट्रैटन्यूज ग्लोबल से बात करते हुए नाहिद इस्लाम ने कहा, “भारत हमेशा बांग्लादेश पर हावी होने की कोशिश करता है और भारत ने अवामी लीग की मदद की और फासीवाद स्थापित किया। भारत एक फासीवादी का साथ दे रहा है, एक ऐसी महिला का जो बांग्लादेश में हत्याओं और नरसंहार के लिए दोषी है।” उन्होंने आगे कहा, “हम भारत के साथ दोस्ताना संबंध चाहते हैं। लेकिन यह आपसी सम्मान और आपसी हित पर आधारित होना चाहिए।”
अवामी लीग की नजर से न देखे भारत!
नाहिद इस्लाम ने आगे कहा, “हमारी सरकार बनती है तो बांग्लादेश की विदेश नीति राष्ट्रीय गरिमा और राष्ट्रीय हित पर आधारित होगी। भारत हमारा पड़ोसी है। हम भारत के साथ दोस्ताना संबंध चाहते हैं। अब गेंद भारत के पाले में है। भारत को अपनी बांग्लादेश नीति, अपनी दक्षिण एशिया नीति बदलनी चाहिए। उन्हें (भारत को) बांग्लादेश के साथ संबंध बनाने चाहिए और उन्हें अवामी लीग की नजर से नहीं देखना चाहिए।”













