बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस की फ्लाइट BG341 ढाका से रात 8:15 बजे रवाना हुई और कराची में रात 11:03 बजे लैंड हुई। विमान में ढाका से कराची आने के लिए 150 यात्री सवार थे। विमान में कराची आए मोहम्मद शाहिद ने AFP ने कहा कि इससे दोनों ओर के लोगों में मेलजोल बढ़ेगा और खासतौर से व्यापारियों को फायदा होगा।
एक हफ्ते में दो सीधी उड़ान
बांग्लादेशी एयरपोर्ट अथॉरिटी ने कहा है कि पाकिस्तान के लिए सीधी उड़ानें हफ्ते में दो बार चलेंगी। बयान में कहा गया है कि सीधी फ्लाइट दोनों देशों के रिश्ते के लिए अहम हैं। इससे ना सिर्फ व्यापार बढ़ेगा बल्कि शैक्षिक आदान-प्रदान का विस्तार करने और सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।
साल 2024 में बांग्लादेश में छात्रों के हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद शेख हसीना सरकार गिर गई थी। करीब 15 साल सत्ता में रहीं हसीना को भारत पर नरम रुख अपनाने के लिए जाना जाता है। उनके बाद अंतरिम सरकार की कमान संभालने वाले मोहम्मद यूनुस ने बांग्लादेश को पाकिस्तान के करीब ले जाने की कोशिश की है।
यूनुस का पाकिस्तान प्रेम
बांग्लादेश 1971 से पहले पकिस्तान का हिस्सा (पूर्वी पाकिस्तान) था। पाकिस्तानी सेना और सरकार के अत्याचार के खिलाफ लंबी लड़ाई के बाद बांग्लादेश को आजादी मिली। इसमें भारत की मदद सबसे अहम रही थी। हालांकि यूनुस ने इन सब चीजों को भुलाते हुए भारत के साथ संबंधों को खराब किया है। वहीं बंगालियों पर जुल्म करने वाली पाकिस्तानी सेना को गले लगाया है।
भारत विरोध को अपनी राजनीति का आधार बना रही यूनुस सरकार ने कराची से चटगांव बंदरगाह के लिए मालवाहक जहाजों का चलाया जाना 2024 में ही शुरू कर दिया था। पाकिस्तान और बांग्लादेश की ओर से सरकार और सेना से आगे बढ़कर लोगों को जोड़ने की कोशिश की गई है। हलिया महीनों में पाकिस्तान में इलाज के लिए आने वाले बांग्लादेशी मरीजों की संख्या भी बढ़ी है।













