‘वडा पाव गर्ल’ के पुराने वीडियो ने खोली पोल
सोशल मीडिया पर ‘वडा पाव गर्ल’ का एक पुराना वीडियो सामने आया है, जिसने लोगों के होश उड़ा दिए हैं। दरअसल, उसमें ‘वडा पाव गर्ल’ चंद्रिका के साथ-साथ पति युगम गेरा और मिस्ट्री मैन भी है। वीडियो किसी हिल स्टेशन के वेकेशन का है, जहां टेबल पर चंद्रिका बेटे और पति के साथ बैठी खाना खा रही हैं। वहीं उसी टेबल पर एक कॉर्नर पर मिस्ट्री मैन भी बैठकर खाना खा रहा है।
कोई इज्जत और साख कैसे दांव पर लगा सकता है?
इस वीडियो को देख यूजर्स सवाल उठा रहे हैं कि क्या चंद्रिका पर लगाए गए चीटिंग के आरोप सही हैं या फिर ये तीनों की मिलीभगत है? कहीं ऐसा तो नहीं कि ये सारा ड्रामा सिर्फ पब्लिसिटी के लिए रचा गया हो? ऐसा सोशल मीडिया पर लोगों का कहना है और ऐसा कहने की वजह भी वाजिब है। दरअसल, इस वक्त चंद्रिका का वडा पाव स्टॉल मुश्किल में है। उसे ज्यादा ग्राहक नहीं मिल रहे हैं। वहीं, कुछ का यह भी कहना है कि चंद्रिका और उनके पति ने यह सब ड्रामा इसलिए किया है ताकि ‘बिग बॉस’ में एंट्री मिल सके। अगर वाकई ऐसा है, तो यह तो एकदम गिरी हुई और वाहियात हरकत है। आखिर शोहरत पाने के लिए कोई इतना नीचे कैसे गिर सकता है कि अपनी इज्जत और साख को ही दांव पर लगा दे?
यूजर्स का खौला खून, उठाए सवाल
वीडियो पर भी यूजर्स के कमेंट्स पढ़कर पता चलता है कि उन्हें कितना पागल बनाया गया है और वो कितना ठगा महसूस कर रहे हैं। एक ने लिखा है, ‘ये ड्रामा स्क्रिप्टेड है और सिर्फ व्यूज के लिए रचा गया है।’ एक बोला, ‘ये सब व्यूज के लिए हो रहा है। चंद्रिका को फिर से बिग बॉस में जाना है।’ एक का कमेंट है, ‘लोगों का काटा गया है बस हाइप पाने के लिए।’ वहीं, कुछ यूजर्स का दावा है कि यह मिस्ट्री मैन असल में चंद्रिका और युगम का फैमिली फ्रेंड है।
क्या रिश्तों का आधार फॉलोअर्स तय करेंगे? खुलेआम छीछालेदर कितनी सही?
अब ऐसे में सवाल ये उठता है कि क्या रिश्तों का आधार अब सिर्फ फॉलोअर्स और पब्लिसिटी बन गया है? क्या रिश्ते इन्हीं दो पैमानों पर टिकेंगे? चंद्रिका ने पति पर चीटिंग और धोखा देने के आरोप लगाए और वीडियो बना-बनाकर लोगों को सबूत भी दिखाए। वहीं, फिर पति युगम गेरा सामने आते हैं और बोलते हैं कि वह अपनी गलती स्वीकार करते हैं। उन्हें पता है कि गलती हुई है, पर चंद्रिका भी कोई दूध की धुली नहीं हैं। वह भी किसी और के साथ हैं। यानी मियां-बीवी सोशल मीडिया पर खुलेआम एक-दूसरे की इज्जत उड़ाने और छीछालेदर करने में लगे हैं। चाहे नाम कितना भी खराब हो, पर उन्हें टीआरपी मिल रही है। और ये दावा खुद चंद्रिका के मिस्ट्री मैन ने भी कर दिया है। ‘फ्री प्रेस जर्नल’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मिस्ट्री मैन ने कहा कि उनके शो को एकता कपूर के शो से भी ज्यादा टीआरपी मिल रही है।
अगर पब्लिसिटी स्टंट है तो तुरंत बंद कर दें
हम तो बस यही कहना चाहेंगे कि अगर वाकई ये ड्रामा या पब्लिसिटी स्टंट है, तो चंद्रिका को तुरंत इसे खत्म कर देना चाहिए और अगर इसमें कुछ सच्चाई है तो आपसी लड़ाई को घर बैठकर सुलझाएं या फिर कानून का सहारा लें। ऐसे में सरेआम एक-दूसरे की इज्जत उछालना और उस अपने बच्चे की परवाह तक न करना कहां तक जायज है? (डिस्क्लेमर: इस लेख में लेखक के अपने विचार शामिल हैं। आज़ाद हिन्द का इससे कोई वास्ता नहीं।)












