मुंबई में हुआ था वामिका का जन्म
वामिका का जन्म पांच साल पहले 11 जनवरी, 2021 को हुआ था। अनुष्का शर्मा ने अपनी बेटी को मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में जन्म दिया था। विराट कोहली की बेटी होने के कारण पूरे क्रिकेट जगत से फैंस की शुभकामनाएं और आशीर्वाद वामिका के लिए आए थे. इसके बाद से ही क्रिकेट फैंस में वामिका के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानने की उत्सुकता रही है, लेकिन विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने वामिका को पब्लिक अट्रेक्शन बनने के दबाव से बचाने की पूरी कोशिश की है। आज भी यह पॉवर कपल अपने बच्चों को लेकर बेहद प्राइवेसी मेनटेन करता है।
हिंदू पुराणों से लिया गया है वामिका का नाम
क्रिकेट फैंस के बीच ‘विरुष्का’ के नाम से मशहूर विराट-अनुष्का ने अपनी बेटी का नाम भी बेहद चुनकर रखा है। वामिका नाम हिंदू पुराणों से लिया गया है। वामिका नाम मां दुर्गा के एक स्वरुप का माना जाता है। वैसे यह नाम भगवान शंकर के सौम्य व संरक्षक स्वरुप वामदेव से भी प्रेरित माना जाता है। मां दुर्गा को मां पार्वती (आदिशक्ति) के रूप में भगवान शिव का आधा स्वरूप माना जाता है, जिसके चलते शिव को अर्द्धनारीश्वर भी कहते हैं। इस अर्द्धनारीश्वर स्वरुप में मां दुर्गा शरीर के बाएं हिस्से में हैं। इस कारण उन्हें वामिका कहा जाता है, जो नारी शक्ति की प्रतिनिधि है।
अनुष्का और विराट ने इमोशनल बयान से की थी जन्म की घोषणा
विराट कोहली और अनुष्का की शादी दिसंबर, 2017 में इटली के टस्कनी शहर में हुई थी। इसके चार साल बाद दोनों माता-पिता बने थे, जब वामिका का जन्म हुआ था। विराट कोहली ने पहली बार अपनी ‘नन्ही परी’ के दुनिया में आगमन की घोषणा बेहद इमोशनल बयान से की थी। उन्होंने लिखा था,’हमें आज दोपहर एक प्यारी सी बच्ची का आशीर्वाद मिलने की जानकारी आपको देते हुए बेहद खुशी हो रही है। अनुष्का और बच्ची स्वस्थ हैं और हम जीवन के इस नए अध्याय की शुरुआत करने के लिए बेहद खुश हैं। आप सभी के प्यार और शुभकामनाओं का धन्यवाद। उम्मीद है कि आप हमारी निजता का सम्मान करेंगे।’ अनुष्का ने भी पहली बार वामिका को दुनिया के सामने पेश करते हुए दिल को छू लेने वाला मैसेज सोशल मीडिया पर शेयर किया था।













