10वीं की परीक्षा नहीं देंगे वैभव सूर्यवंशी
वैभव के कोच मनीष ओझा ने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में स्पष्ट किया, ‘वह कक्षा 10वीं की परीक्षा नहीं देंगे। वह वर्तमान में नागपुर में आगामी आईपीएल की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने प्री-सीजन कैंप के लिए राजस्थान रॉयल्स जॉइन कर लिया है।’ गौरतलब है कि आईपीएल 2026 की शुरुआत 26 मार्च से होने वाली है और राजस्थान रॉयल्स की टीम में वैभव एक मुख्य खिलाड़ी के रूप में देखे जा रहे हैं।
स्कूल प्रशासन के अनुसार, वैभव के परीक्षा फॉर्म भरे जा चुके थे और उनका एडमिट कार्ड भी जारी कर दिया गया था। उनका परीक्षा केंद्र पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल में आवंटित हुआ था। वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी ने भी इस फैसले पर मुहर लगाते हुए कहा कि उनके बेटे का पूरा ध्यान फिलहाल क्रिकेट पर है। उन्होंने ईटीवी भारत से कहा, ‘अभी वैभव का पूरा ध्यान क्रिकेट पर है, वह ट्रेनिंग में व्यस्त है और 17 फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षाओं में शामिल नहीं होगा। वह अगले साल बोर्ड परीक्षा देगा।’
राजस्थान रॉयल्स के मुख्य खिलाड़ी हैं वैभव
वैभव सूर्यवंशी पिछले साल राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़ने के बाद से ही चर्चाओं में रहे हैं। उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ मात्र 35 गेंदों में शतक जड़कर आईपीएल इतिहास में सबसे तेज भारतीय शतकवीर और सबसे युवा खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बनाया था। हाल ही में समाप्त हुए अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में वैभव ने इंग्लैंड के खिलाफ महज 80 गेंदों में 175 रनों की अविश्वसनीय पारी खेली थी, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने 411 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया और खिताब अपने नाम किया।













