सलीम खान को ब्रेन हेमरेज के बाद मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी सेहत के बारे में शुरुआती खबरें फैलने लगीं, लेकिन उनके इलाज की देखरेख कर रहे डॉ. जलील पारकर ने मीडिया से बात करते हुए पुष्टि की कि कहानी लेखक की हालत स्थिर है, लेकिन उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।
सलीम खान की तबीयत को लेकर परिवार का रुख
हालांकि, परिवार इस बयान के सार्वजनिक होने से कथित तौर पर नाखुश था। परिवार के एक करीबी सूत्र ने वैरायटी इंडिया से बात करते हुए कहा, ‘स्वास्थ्य एक निजी मामला है। मीडिया के साथ कोई भी अपडेट शेयर नहीं किया जाना चाहिए और किसी भी तरह की बात पूरी तरह से परिवार पर छोड़ देना चाहिए, जब भी वे फैंस और शुभचिंतकों को बताना चाहें, बताएं।’
सलमान खान ने डॉक्टर्स से की बात
सूत्र ने आगे बताया कि परिवार ने अपनी चिंताओं को सीधे अस्पताल अधिकारियों से अवगत कराया और कहा, ‘सलमान और उनका परिवार डॉक्टर के सार्वजनिक बयान से असंतुष्ट है और उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से बता दिया है कि वे कोई और जानकारी सार्वजनिक नहीं करना चाहते हैं।’ लीलावती अस्पताल अक्सर हाई-प्रोफाइल सेलिब्रिटी मरीजों के बारे में नियमित अपडेट जारी करता रहता है, उसने कथित तौर पर इस मामले में परिवार की इच्छाओं का सम्मान करने पर सहमति जताई है।
परिवार नहीं चाहता कोई छानबीन करे
उनकी हालत को लेकर जनता की भारी दिलचस्पी के बावजूद, परिवार ने इस बात पर जोर दिया है कि स्वास्थ्य की जानकारी गोपनीय रखी जाएगी। सूत्र ने बताया, ‘यह समझा जा सकता है कि सलीम साहब के स्वास्थ्य को लेकर जनता में अपार रुचि है, लेकिन चिकित्सीय जानकारी गोपनीय मामला है। परिवार सलीम खान की हालत को लेकर किसी भी तरह की अनावश्यक अटकलों या मीडिया की छानबीन से बचना चाहता है।’
सलीम खान को ब्रेन हेमरेज
डॉ. जलील पारकर ने पहले ही पुष्टि कर दी थी कि सलीम खान को मामूली ब्रेन हेमरेज हुआ था और बुधवार सुबह उनका इलाज शुरू किया हया। वे लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज जारी है। सलीम और सलमा खान के सबसे बड़े बेटे सलमान खान सुबह अस्पताल में अपने पिता से मिलने भी गए थे।
परिवार लगातार पहुंच रहा अस्पताल
पिछले दो दिनों में, परिवार के कई लोगों को अस्पताल पहुंचते देखा गया है, जिनमें सलमा खान, अरबाज खान और उनकी पत्नी शूरा खान, बेटियां अलवीरा और अर्पिता, साथ ही हेलेन और सलमा खान भी शामिल हैं।














